नवंबर 2023 में उत्तरकाशी स्थित सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों की गाथा, आस लगाए घरवाले, केंद्र व राज्य सरकार की तत्परता व अध्यात्म को दर्शाता नाटक “मिशन सिलक्यारा” का मंचन देख दर्शकों की आंखें भर आईं। इस नाटक को देखने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मंचन के जरिये समाज को साहस, समर्थन व एकता का संदेश दिया है। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा की बदौलत सिलक्यारा सुरंग में श्रमिकों की दास्तां के साथ ही शासन प्रशासन की भूमिका व स्थानीय देवता बौखनाग से आध्यात्मिकता का संदेश देते हुए मंचन किया। श्रमिकों की सुरंग में फंस जाने से लेकर सकुशल बाहर निकलने तक के सफर में तकनीकी, प्रशासनिक कौशल व धैर्य के बाद देश के सबसे बड़े रेस्क्यू अभियान की सफलता को दिखाया गया। सीएम धामी ने कहा कि मिशन सिलक्यारा की सफलता में बाबा बौखनाग की कृपा, सेना के जवानों, रेट माइनर्स व ग्राउंड जीरो पर राज्य सरकार के प्रयासों से सुरंग में फंसे श्रमिकों को जीवन बचाने में हम सफल हो पाए।
