लोकसभा चुनाव में प्रदेश की पांचों सीटों में से पौड़ी लोकसभा सीट पर सबकी नजरें हैं। देहरादून से दिल्ली तक गढ़वाल लोकसभा सीट पर बीजेपी में गंभीरता से मंथन चल रहा है। उत्तराखंड की राजनीति में पौड़ी क्षेत्र का बड़ा योगदान रहा है। इनमें पहला नाम तीरथ सिंह रावत का है, जो कि सिटिंग सांसद हैं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, शौर्य डोभाल के साथ ही अब मनीष खंडूड़ी का नाम भी दावेदारों की सूची में शामिल हो गया है, 9 मार्च को मनीष खंडूड़ी बीजेपी में शामिल हुए हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र भसीन ने कहा कि प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों में से तीन लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया गया है। बीजेपी आलाकमान की ओर से जो भी निर्णय लिया जाएगा, वो सभी को मान्य होगा।
