कांग्रेस बुक करा चुकी है बन्नू ग्राउंड, परेड मैदान अनुमति मामले पर BJP ने साधा निशाना

उत्तराखंड

भाजपा ने कांग्रेस की प्रस्तावित रैली के लिए प्रशासन पर भाजपा के दबाव को लेकर लगाए गए आरोपों को मिथ्या दुष्प्रचार और राजनैतिक प्रोपेगेंडा को बताया है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के लिए पहले ही बन्नू ग्राउंड बुक करा चुकी है। वो सिर्फ सहानुभूति और सुर्खियों में आने के लिए बेवजह विवाद खड़ा कर रही है।

कांग्रेस बड़ी रैली को लेकर आशंकित

पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस के आरोपों को लेकर मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस बड़ी रैली को लेकर आशंकित है और लगातार छोटे मैदानों का मुयाइना करने के बाद उन्होंने रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान को लगभग एक सप्ताह पहले ही बुक करा लिया था और उसी अनुरूप कांग्रेस पार्टी तैयारी भी कर रही है।

पूरे प्रकरण को लेकर उनकी कोशिश अपने नेता राहुल गांधी की विवाद खड़ा करने की नीति पर अमल करने की है। यही वजह है कि परेड ग्राउंड की अनुमति प्रक्रिया को लेकर झूठे और अनर्गल आरोप लगाकर मीडिया की सुर्खियां बनने और जनता में भ्रम फैलाने की साजिश की जा रही है।

सहानुभूति लेने के लिए कांग्रेस कर रही प्रोपेगेंडा

मनवीर चौहान ने आरोप लगाया कि 24 तारीख को कांग्रेस परेड ग्राउंड में सभा की अनुमति के लिए प्रशासन को पत्र सौंपते हैं और साथ ही तत्काल प्रेस कर अनुमति नहीं देने के आरोप भी लगा देते हैं। जबकि अधिकारी स्पष्ट कर चुके हैं कि उनके अनुरोध पर विचार किया जा रहा है।

हालांकि ग्राउंड के अमूमन जिस हिस्से में इस तरह के कार्यक्रम होते हैं वो 29 जनवरी तक पहले ही बुक है। जिसकी जानकारी कांग्रेस नेताओं को भी है। लेकिन सिर्फ और सिर्फ विवाद खड़ा कर जनता की सहानुभूति लेने के लिए अनुमति नहीं मिलने का प्रोपेगेंडा किया जा रहा है।

लगातार मिल रही पराजय के चलते ऐसी प्रतिक्रिया स्वाभाविक

मनवीर चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष माहरा की परेड ग्राउंड में भाजपा रैली करने को लेकर दी धमकी पर कहा कि लगातार मिल रही पराजय और सिमटते जनाधार के चलते ऐसी प्रतिक्रिया स्वाभाविक है। जनता कांग्रेस की हर प्रतिक्रिया का जवाब देने के लिए तैयार है और उसे आगामी लोकसभा चुनाव में इसका नतीजा भी देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *