हरियाणा के शातिर ने अपना सच कबूल लिया है। आरोपी ने चार महीने पहले अपने पिता को मौत के घाट उतारा था। आरोपी की पत्नी तानिया को जब इस बात का पता चला तो उसने अपने पत्नी को भी रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। आरोपी ने अपनी पत्नी पर गोली चलाकर उसे भी मारने का प्रयास किया। आरोपी पत्नी को मरा समझकर पुल के नीचे फेंक कर फरार हो गया।
मुठभेड़ में आरोपी ने चलाई थी दरोगा पर गोली
पुलिस से बचने के लिए शुभम ने कई पैंतरे अपनाए। फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ी चलाई। स्कूटर का इस्तेमाल किया। यही नहीं आरोपी ने कई होटल और होमस्टे भी बदले। पुलिस ने जब उसे पकड़ने की योजना बनाई तो शनिवार रात उसने मसूरी में दरोगा पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आरोपी शुभम के पैर में गोली मारी है।
पिता को भी उतारा था मौत के घाट
पूछताछ में आरोपी ने सितंबर 2023 में सोनीपत, हरियाणा में अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने और शव को मुजफ्फरनगर से हरिद्वार के बीच जंगल में फेंकने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस द्वारा दी जानकारी के मुताबिक आरोपी शुभम ने बताया कि उस पर 40 से 50 लाख की देनदारी थी। उसने इसके लिए अपने पिता से पैसे मांगे थे।
पिता की हत्या के बाद पत्नी के साथ फरार हुआ आरोपी
पिता के मना करने पर आरोपी ने पिता की संपत्ति हथियाने के लिए अपने पिता की हत्या कर दी। जिसके बाद वह सोनीपत से फरार हो गया। आरोपी ने अपने पिता के अकाउंट से पैसे निकालकर अपने खचों की पूर्ति कर रहा था। जैसे ही पिता की हत्या की जानकारी तान्या को हुई आरोपी ने पकड़े जाने के डर से पत्नी की हत्या की भी साजिश रची।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
आरोपी शुभम घटना को अंजाम देने के लिए पत्नी को तपोवन से रायपुर लाया। इस दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी तानिया पर गोली चलाकर उसे रायपुर स्थित बडासी के पुल के नीचे छोड़कर फरार हो गया। तानिया की बहन काव्या की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। काव्या ने अपने जीजा पर भी शक जताया था। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस की एक टीम को घायल महिला के ससुराल सोनीपत रवाना किया गया। सोनीपत में पुलिस को पता चला की महिला के ससुर प्रभुदयाल भी सितम्बर से अपने घर नहीं है। उसके बाद से ही शुभम और तानिया भी घर से बिना किसी को कुछ बताए कहीं चले गए। तभी से दोनों के फोन भी बंद है। उधर दूसरी टीम द्वारा घायल महिला के घटना स्थल का निरीक्षण कर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो महिला का एक संदिग्ध कार से घटना स्थल तक आने की जानकारी मिली।
पुलिस ने कार को जौलीग्रांट पार्किंग से बरामद किया। आरटीओ कार्यालय से वाहन के संबंध में जानकारी जुटाने पर वाहन में फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जाना पाया गया। वाहन की तलाशी लेने पर वाहन से एक नंबर प्लेट, एक जिंदा कारतूस, 2 खोखे कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया।
बरामद नंबर प्लेट की जानकारी और घायल महिला की बहन से पूछताछ में पता चला कि कार शुभम के नाम पर ही रजिस्ट्रड है। जिसके बाद पुलिस ने शुभम की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। जिसमें शिवम स्कूटी के माध्यम से तान्या को तपोवन मुनि की रेती से जौलीग्रांट लाता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस की टीम ने तपोवन में आरोपी शुभम के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए होटलों की चेकिंग की तो उसका तपोवन, मुनिकीरेती स्थित आराधना पैलेस होटल में 27 दिसंबर से 14 जनवरी तक रूके होने की जानकारी पुलिस टीम को मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो होटल मालिक ने पूछताछ में बताया कि शुभम ने एक महीने के लिए होटल में कमरा लिया था।
13 जनवरी को वह अपनी पत्नी तान्या के साथ बाहर घूमने जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन शाम को अकेले ही वापस होटल आया। उसके बाद शुभम 15 जनवरी की सुबह अपना सामान लेकर होटल से चला गया। होटल से पुलिस को आरोपी शुभम का एक संदिग्ध मोबाइल नंबर मिल। जिसकी लोकेशन माल रोड मसूरी मिली। सूचना पर पुलिस की टीम तत्काल आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए मसूरी रवाना हुई।
