नए साल पर परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुई 100 नई बसें, सीएम ने किया फ्लैग ऑफ।

उत्तराखंड उत्तराखंड शासन परिवहन

नए साल पर उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई बसें शामिल हो गई है। इन सभी बसों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरी झंडी झंडी दिखा कर रवाना किया। इसके साथ ही  मुख्यमंत्री ने 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया। बसों का फ्लैग ऑफ किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवा सदन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  परिवहन निगम की स्मारिका अनवरत और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन भी किया। इसके साथ ही कठिन परिस्थितियों में पूरी ईमानदारी से साथ बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया।

वही, सीएम धामी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को मजबूत बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। सीएम ने कहा कि दुर्गम और पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में एक बेहतर परिवहन व्यवस्था नागरिक सुविधा के साथ-साथ आर्थिक विकास के लिए भी काफी जरूरी है।

सीएम ने कहा कि सरकार परिवहन निगम को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर काम चल रहा है। जिनमें 4 आईएसबीटी भी शामिल हैं। सीएम ने कहा कि जल्द ही निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा। निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी दुरुस्त होगी।

सीएम ने कहा कि निगम कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और नई भर्तियों के जरिए मैनपावर की कमी को दूर किया जा रहा है। सरकार परिवहन निगम को सेवा का माध्यम मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के बल पर उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *