प्रदेश में नकली दवाइयों के निर्माण और बिक्री पर लगाम लगाने को चलेगा सघन अभियान।

उत्तराखंड उत्तराखंड पुलिस उत्तराखंड शासन क्राइम स्वास्थ्य

उत्तराखंड राज्य में आए दिन नकली दवाओं की फैक्ट्री और बड़ी मात्रा में नकली दवाओं की खेप  पकड़ी जा रही है। बावजूद इसके नकली दवाओं का खेल प्रदेश में थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक के दौरान सीएम ने निर्देश दिये कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में प्रदेश में नकली दवाइयों के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए डीएम, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाएं।

सीएम ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए साथ ही इसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। बैठक के दौरान सीएम ने कहा कि धराली आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान और उनके पुनर्वास, राहत एवं आजीविका की व्यवस्था सरकार की पहली प्राथमिकता है। सीएम ने सचिव राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति को अपनी रिपोर्ट जल्द जल्द सौंपने के निर्देश दिए। समिति की रिपोर्ट आने के बाद प्रदेश के अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर पुनर्वास और राहत के काम किए जाएंगे।

सीएम ने प्रदेश में व्यापक स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ये अभियान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रिगण, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों से भी स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने को कहा। साथ ही सीएम ने निर्देश दिए कि सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों और उपकरणों को प्राथमिकता दी जाए। सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों में स्थानीय उत्पादों के अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। जीएसटी स्लैब में हाल ही में हुए बदलाव से स्वदेशी उत्पादों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

सीएम ने कहा कि राज्य के अग्निवीरों के लिए बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। इसके लिए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने किये जाएं।  इसके अलावा, सीएम ने बैठक के दौरान कहा कि हमने अपने दृष्टि पत्र में प्रदेश की जनता के समक्ष जो वायदे किये थे, उनको पूरा करने के लिए सरकार काम कर रही है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनहित में लिये गये सभी संकल्पों को पूरा करने के लिए और तेजी से काम किये जाएं। जन भावनाओं और जन आंकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार दृढ़ संकल्प होकर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *