धराली गांव की दो गर्भवती महिलाओं को किया गया एयर लिफ्ट, उत्तरकाशी जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।

आपदा उत्तराखंड उत्तराखंड शासन स्वास्थ्य

उत्तरकाशी। आपदाग्रस्त धराली क्षेत्र में प्रभावितों को राहत पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी है। मंगलवार को दोपहर में मौसम साफ होते ही मातली हेलीपैड से हेलीकॉप्टर्स के माध्यम से प्रभावित क्षेत्र के लिए खाद्य पदार्थ सहित विभिन्न प्रकार की राहत सामग्री  की खेप भेजे जाने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। उधर,  चिन्यालीसौड़ हवाईपट्टी से भी आज हेलीकोप्टर्स के माध्यम से खाद्यान्न और ईंधन की खेप के साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिये बीआरओ के प्रयोग के लिए वायरक्रेट्स भी हर्षिल भेजी गई।

प्रशासन द्वारा आज धराली गांव की दो गर्भवती महिलाओं को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड तक लाकर जिला अस्पताल उत्तरकाशी  पहुँचाया गया। धराली हर्षिल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद हर्षिल हेलीपैड के निकट भागीरथी नदी पर बनी झील को नियंत्रित तरीके से खोलने के प्रयास उत्तराखंड जल विद्युत निगम और सिंचाई विभाग की टीमों द्वारा लगातार जारी हैं। डीएम प्रशांत आर्य भी पांच अगस्त से स्वयं धराली हर्षिल में बने हुए हैं और आपदा पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए जाने के लिए सभी व्यवस्थाओ का निरन्तर निर्देशन कर रहे है।

हर्षिल हैलीपेड पर भागीरथी नदी पर बनी झील को मैनुअल तरीके से खोले जाने वाले स्थान पर जिलाधिकारी द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। हैलीपेड पर बनी झील को मैनुअली पंचर करने का प्रयास कर रहे कार्मिकों के साथ हाथ बंटाने में आज स्वयं जिलाधिकारी लग गए और लग रहे कार्मिकों का हौसला बढ़ाते दिखाई दिए। इससे झील खोलने में लगे कार्मिकों में उत्साह दिखाई दिया। गौरतलब हैं कि हर्षिल हैलीपेड पर बनी झील को नियंत्रित ढंग से खोलने के प्रयास निरन्तर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *