स्मार्ट सिटी परियोजना के विकास कार्यों को जून महीने में पूरा करने के निर्देश, मानसून तैयारियों पर जोर।

उत्तराखंड

राजधानी देहरादून में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रहे विकास कार्यों को जून 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन अभी तक स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकास कार्य पूरे नहीं हो पाए हैं। तो वही, संभवतः 20 जून से उत्तराखंड में मानसून भी  दस्तक दे रहा है। जिसको देखते हुए शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान शहरी विकास मंत्री ने राजधानी देहरादून में चल रहे स्मार्ट सिटी परियोजना के विकास कार्यों को जून महीने के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत हो रहे विभिन्न कार्यों यानी क्रैच बिल्डिंग, पलटन बाजार में जल भराव, ई-बसों के संचालन, सहारनपुर चैक पर हो रहे ड्रेनेज कार्यों, सीसीटीवी कैमरों की अद्यतन स्थिति, सीवरेज कार्यों को तय समय पर पूरा करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े हुए कार्यों के प्रचार-प्रसार को लेकर तमाम स्थानों पर फ्लैक्सी बोर्ड लगवाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।

मंत्री अग्रवाल ने फूटपाथ पर वाहन पार्किंग आदि कब्जों के निराकरण के लिए बोलार्ड लगाये जाने की स्थिति और समय-समय पर अतिक्रमण किये गये स्थानों पर ड्राईव चलाने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिये। चकराता रोड पर फीडर पिलर, डिवाईडर और सौन्दर्यीकरण के कार्यों की भी समीक्षा की। मंत्री ने स्मार्ट सिटी के तहत घरों में वाटर मीटर लगाये जाने, आराघर से मोथरोवाला तक के कार्यों की स्थिति पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि जल्द से जल्द बचे हुए कार्यों को पूरा करे। परेड ग्राउण्ड के चारों ओर 08 हाई मास्ट तथा 101 स्ट्रीट लाईट लगाये गये हैं।

वही, शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि  ग्रीन बिल्डिंग का कार्य नवम्बर 2025 तक पूरा कर लिया जायेगा। जबकि बाकी बचे स्मार्ट सिटी परियोजना के काम जून महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि स्मार्ट सिटी के कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए अधिकारी समय-समय पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *