श्रीदरबार साहिब में बीते कुछ दिनों से संगतों से रंगत बढ़ी है। जयकारों के बीच श्रीझंडेजी का हजारों श्रद्धालुओं ने आरोहण किया। इसी के साथ श्रीझंडेजी मेले का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया तो श्रीगुरु रामराय महाराज और श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के जयकारे द्रोणनगरी में गूंजने लगे। सुबह से शाम तक श्रीझंडाजी साहिब के समक्ष मत्था टेकने के लिए श्रद्धालु आतुर रहे। श्रीदरबार साहिब में सुबह करीब आठ बजे से ही झंडे जी को उतारने की प्रकिया शुरू कर दी गई। 90 फीट ऊंचे श्रीझंडेजी पर दोपहर में पहले सादा गिलाफ फिर 21 शनील के गिलाफ चढ़ाए गए। इस बार पंजाब के होशियारपुर निवासी हरभजन सिंह ने दर्शनी गिलाफ चढ़ाया। शाम 4:10 बजे श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के संदेश के साथ श्रीझंडेजी के आरोहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। आरोहण होते ही उत्साहित श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया। श्रीझंडेजी के आरोहण होने के बाद हर बार की तरह इस बार भी एक बाज ने श्रीझंडेजी की परिक्रमा की। इस बाज की परिक्रमा को श्रीगुरुराम राय महाराज की सूक्ष्म उपस्थिति के रूप में हर साल दर्ज किया जाता है।
