महंगा होगा सफर, एक अप्रैल से और कटेगी आम आदमी की जेब!, खर्च करने होंगे ज्‍यादा रुपए इन सुविधाओं के लिए

उत्तराखंड

हर बार की तरह इस बार भी नया वित्तीय वर्ष आमजन की जेब पर महंगाई का बोझ लेकर आ रहा है। दूसरी ओर पानी की दरों में बढ़ोतरी का बोझ भी आमजन पर पड़ने जा रहा। वहीं, टोल शुल्क बढ़ने का असर परिवहन निगम की बसों के किराये पर पर भी पड़ेगा। जल संस्थान की ओर से पानी के बिल में नौ से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जा रही है। शासन की व्यवस्था के तहत हर साल एक अप्रैल से पानी के बिल में वृद्धि हो जाती है। शहरी क्षेत्रों में पानी के बिल में हर वर्ष 11 प्रतिशत के करीब बढ़ोतरी होती है।
घर में दो नल होने पर बिल में नौ प्रतिशत और दो से अधिक नल होने पर 11 प्रतिशत और व्यावसायिक कनेक्शन पर 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाती है। देहरादून-हरिद्वार राजमार्ग पर पड़ने वाले लच्छीवाला टोल प्लाजा पर सभी वाहनों का टोल शुल्क एक अप्रैल से बढ़ जाएगा। हल्के व्यावसायिक वाहनों का टोल 165 रुपये के बजाय 170 रुपये, जबकि भारी वाहन का टोल 535 के बजाय 558 रुपये होगा। वहीं, टोल प्लाजा के नियमों के अनुसार स्थानीय डोईवाला वासियों के लिए पूर्व की भांति इस वर्ष भी निश्शुल्क पास की व्यवस्था जारी रहेगी। वहीं, देहरादून से दिल्ली के बीच के टोल शुल्क में वृद्धि होने से दिल्ली की यात्रा भी महंगी हो जाएगी। निगम प्रबंधन के अनुसार, निगम की बसों का किराया पहले ही राउंड फिगर में चलता है। ऐसे में टोल का शुल्क बढ़ने से किराये में फिलहाल वृद्धि नहीं होगी। दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला, लखनऊ, कानपुर, हल्द्वानी, जयपुर आदि मार्गों पर टोल प्लाजा अधिक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *