बजट सत्र के लिए पक्ष-विपक्ष के सभी विधायक देहरादून पहुंच गए हैं। विधानसभा सचिवालय ने भी सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधानसभा का बजट सत्र आज 26 फरवरी से शुरू होगा और एक मार्च तक चलेगा। पहले दिन सदन में राज्यपाल का अभिभाषण होगा। साेमवार को सुबह 11 बजे से विस का बजट सत्र शुरू होगा। इसके बाद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) का अभिभाषण होगा। पहले दिन अभिभाषण के अलावा अन्य कोई विधायी कार्य नहीं होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित हो जाएगी। रविवार देर रात विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई, जिसमें एक मार्च तक सदन संचालित करने के लिए एजेंडा तय किया गया। प्रदेश सरकार 27 फरवरी को बजट पेश करेगी।
