बनभूलपुरा हिंसा के मास्टरमाइंड वांटेड अब्दुल मलिक को 16 दिन बाद शनिवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। अब तक 82 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अवैध रूप से बने मदरसा और नमाज स्थल को ढहाने के दौरान हिंसा हो गई थी। इसमें कई कर्मचारी घायल हो गए थे और छह लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर 78 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए। इस बीच शुक्रवार को एसओजी को मुखबिर से पता चला कि अब्दुल मलिक दिल्ली में छुपा है। शनिवार को एसओजी प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर अब्दुल मलिक को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने कहा कि अब्दुल मलिक का बेटा अब्दुल मोईद अभी फरार है। इसके अलावा एक नामजद रईस उर्फ दत्तू को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि जल्द ही अब्दुल मोईद को भी पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस महानिदेशक ने 50 हजार रुपये, पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमाऊं ने 5000 रुपये और एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने 2500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
