पांच जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, हरिद्वार में तीसरे दिन भी स्कूल बंद

उत्तराखंड

पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के बाद जहां तापमान में तेजी से गिरावट आई है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे का कहर जारी है। हरिद्वार में कड़ाके की ठंड के चलते लगातार तीसरे दिन भी स्कूल बंद हैं। यहां शनिवार को भी जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। जिलाधिकारी धीराज सिंह की ओर से 20 जनवरी के लिए भी जनपद के कक्षा एक से आठ तक समस्त सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही जिन स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर कक्षा नौ से 12 तक के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चल रही हैं। उनका संचालन भी सुबह नौ बजे के बाद किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

कोहरे की बात करें तो अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार कम हैं। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 24-25 जनवरी के बाद मैदानी इलाकों में कोहरा कम होने लगेगा। शुक्रवार को भी मौसम ने खूब तेवर दिखाए। कंपकंपाती ठंड ने लोगों को खूब परेशान किया। हालांकि पहाड़ी इलाकों में धूप खिली रही। शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम है। शुक्रवार मैदानी इलाकों में सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान आठ डिग्री कमी के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज के मौसम का हाल भी जान लेते हैं। शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर समेत पांच जिलों में घना कोहरा छाएगा। हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिले के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में भी घना कोहरा छाया रहेगा। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *